फीस ना देने के कारन विद्यार्थिनी को निकाला ग्रुप से - विकास सोमेश्वर द्वारा आंदोलन की चेतावनी 


अंबरनाथ(सरफराज खान) : विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष बर्बाद ना हो इसके लिए ऑनलाइन पद्धति से व्हाट्सएप के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। कोरोना महामारी की वर्ष से स्कूल बंद रखे गए हैं। लेकिन अंबरनाथ शहर के आर आर पटेल विद्यालय की एक छात्रा को स्कूल फीस ना भरने के कारण व्हाट्सएप ग्रुप से निकालने की घटना अंबरनाथ शहर में हुई है।  मनस्वी नामक छात्रा ने दसवीं कक्षा में प्रवेश किया है। वह आर आर पटेल स्कूल की विद्यार्थिनी है।  उसकी पिछले वर्ष की शैक्षणिक फीस बाकी है। लेकिन इसी कारण से विद्यार्थिनी को शिक्षा से वंचित रखना सरासर गलत बात है।  इसका कड़ा विरोध स्वाभिमान संघटना अंबरनाथ तालुका अध्यक्ष विकास हेमराज सोमेश्वर ने जताया है। उन्होंने कहा है कि, कोरोना महामारी की वजह से सभी के रोजगार बंद होने के कारण लोगों के पास पैसे नहीं बचे हैं। ऐसे में आर आर पटेल स्कूल द्वारा सक्ती से फीस वसूल कर छात्रों पर सरासर अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री, पुलिस प्रशासन और अंबरनाथ नगरपरिषद को इस स्कूल पर कार्रवाई करने की बिनती की है।  ग्रुप पर इस छात्रा को ऐड नहीं किया गया तो उन्होंने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। तो दूसरी तरफ आर आर पटेल स्कूल के संचालक नवीन शाहा उन्होंने कहा है कि, छात्रा द्वारा पूरे साल में आधी फीस भी नहीं भरी गई है।  हमने उन्हें सिर्फ आधी फीस भरने को कहा है।  हमारे स्कूल के शिक्षकों के पेमेंट पैसा ना होने के कारण रुके हुए हैं। इसलिए कृपा करके स्कूल प्रशासन को सहयोग करने का आह्वान उन्होंने किया है।