मुंबई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था लॉकडाउन-4 नए रंग-रूप वाला होता है। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में भी 18 मई से लॉकडाउन के नए दौर की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक लॉकडाउन के इस चरण में कुछ और छूट मिल सकती है। वहीं, मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल को भी शर्तों के साथ हरी झंडी दी जा सकती है। लॉकडाउन-4 में महाराष्ट्र में क्या बदलाव हो सकते हैं? आइए जानते हैं 10 बड़ी बातेंः 1. केंद्र सरकार से इजाजत मिलने पर जरूरी सेवाओं में काम करने वाले लोगों के लिए लोकल ट्रेन शुरू की जा सकती है। 2. ऑरेंज जोन में जहां कोरोना का कोई मरीज पिछले 3 हफ्ते के दौरान नहीं मिला वहां फैक्ट्रियां शुरू की जा सकती हैं। 3. महाराष्ट्र के इंडस्ट्रियल हब कहे जाने वाले औरंगाबाद और नासिक में कारखानों को शुरू किया जा सकता है। वहां के मजदूर अपने गांव जा चुके हैं। जो मजदूर मौजूद हैं, उनकी मदद से कारखाने शुरू किए जा सकते हैं। 4. मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक, नागपुर, पिंपरी चिंचवाड़ जैसे महानगरों में दुकानों को शुरू करने के लिए ऑड-इवन के फॉर्म्युले को अपनाया जा सकता है। 5. लॉकडाउन-4 में महाराष्ट्र सरकार क्या-क्या कदम उठा सकती है, इसकी रिपोर्ट केंद्र सरकार को 15 मई तक सौंपनी है। 6. स्कूल, कॉलेज, मॉल, सिनेमाघर, सैलून और जिम फिलहाल पूरी तरह बंद रहेंगे। 7. खरीफ का सीजन शुरू हो रहा है। किसानों को लॉकडाउन-4 में हरसंभव मदद का प्लान कृषि विभाग बना रहा है। 8. लॉकडाउन-4 में गाड़ियों का गैरेज भी शुरू करने के साथ कार के शो रूम भी खोलने पर राज्य सरकार विचार कर रही है।9. लॉकडाउन-4 में हर जिले की क्या उम्मीदें हैं और प्रशासन की क्या तैयारी है, इस पर हर जिला अधिकारी से सीएम उद्धव ठाकरे ने रिपोर्ट मांगी है। 10. इस चरण में भी हर जिले की सीमाओं को बंद रखा जाएगा और आवागमन के लिए पुलिस की इजाजत को अनिवार्य रखे जाने के संकेत हैं।
जानें ऐसा हो सकता है लॉकडाउन 4.0