मोरिवली पाड़ा के अवैध डंपिंग ग्राउंड की समस्या अब बढ़ती ही जा रही 


अंबरनाथ(सरफराज खान) :अंबरनाथ शहर के मोरिवली पाड़ा यहां के अवैध डंपिंग ग्राउंड की समस्या अब बढ़ती ही जा रही है। इस डंपिंग ग्राउंड से निकलने वाले धुएं के कारण परिसर के नागरिकों को कई बीमारियों से जूझना पड़ रहा है। यहां के विश्वजीत ग्रीनसिटी रहवासियों को सांस लेने में तकलीफ, गले में दर्द, आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यहां के डंपिंग ग्राउंड से लगातार निकलने वाले धुएं के कारण इस परिसर में ऑक्सीजन की मात्रा घट रही है। जिसकी वजह से विश्वजीत ग्रीनसिटी के कई निवासियों को भयंकर सांस की तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। अंबरनाथ नपा में कई बार निवेदन पत्र, मोर्चा, आंदोलन निकालने के बाद भी नपा प्रशासन द्वारा केवल आश्वासन दिया जा रहा है।  यहां के लोगों के जान को इस धुए के कारण खतरा पैदा हुआ है। इतने गंभीर मामले में भी नपा प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाए नहीं जाने से विश्वजीत ग्रीनसिटी के नागरिकों ने नपा प्रशासन पर अपनी कड़ी नाराजगी जताई है।